चित्रकूट। आंध्र प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध मंदिर तिरुपति बालाजी के लड्डुओं में कथित तौर पर मछली के तेल और जानवरों की चर्बी मिलने के बाद देश भर में आक्रोश है। चित्रकूट में तुलसी पीठ के रामानंद मिशन ने धार्मिक स्थलों पर बिक रहे प्रसाद और घी की जांच कराने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाया है ।
रविवार से शुरू हस्ताक्षर अभियान में पद्मविभूषण जगद्गुरु रामभद्राचार्य के निर्देश पर उनकी संस्था रामानंद मिशन ने साधु-संतों के साथ रामघाट पहुंचकर धार्मिक स्थलों पर बिक रहे प्रसाद और घी की प्रशासन द्वारा जांच कराने की मांग की है। लोगों से जांच कराने के लिए सहमति के लिए हस्ताक्षर करवाए हैं ।
रामानंद मिशन के अंजनी दास महराज का कहना है कि मंदिरों के प्रसाद में शुद्धता रहनी चाहिए। मंदिरों के आसपास बिकने वाले घी से बने प्रसाद की जांच होनी चाहिए। खासकर घी की जांच कराई जाए। इसके लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। डीएम को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।