चित्रकूट। राजापुर थाना क्षेत्र के चनहट गांव निवासी चार साल के बालक की पेटदर्द से अचानक तबीयत खराब हो गई। परिजन उसे स्थानीय झोलाछाप के पास ले गये। परिजनों ने आरोप लगाया कि इंजेक्शन लगाने के बा बालक की हालत ज्यादा बिगड़ गई। राजापुर सीएचसी ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। परिजनों ने झोलाछाप के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की है।
चनहट गांव निवासी राधेश्याम ने बताया कि भांजे ललक कुमार (4) पुत्र बच्चीलाल के पेट में बुधवार की शाम दर्द उठा। उसे लेकर स्थानीय झोलाछाप के पास ले गये। आरोप लगाया कि इंजेक्शन लगाते ही बालक की तबीयत ज्यादा खराब हो गई। उसे लेकर राजापुर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही बालक की मौत हो गई।
बताया कि झोलाछाप के खिलाफ गलत इलाज करने की तहरीर थाने में देंगे। सूचना पर पुलिस ने गुरुवार को शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया । थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।