ससुराल वालों ने बिना पूछे समारोह में जाने पर दिया था ताना
संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। मऊ थाना अंतर्गत रेड़ी भुसैली गांव में ससुराली जनों के ताना देने से नाराज बहू बुधवार की शाम को घर के अंदर फंंदे पर झूल गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में अभी परिजनों ने थाने में तहरीर नहीं दी है।
मृतका के चाचा बच्ची लाल व भाई विशाल निवासी बालापुर अहिरी गांव ने बताया कि रेड़ी भुसैली गांव में धर्मेंद्र निषाद के यहां पुत्र पैदा होने पर घर में जन्मोत्सव मनाया जा रहा था। जिसमें आरती देवी (22) पत्नी शिवप्रकाश भी पहुंच गई थी। इस बात से नाराज उसका ससुर अर्जुन निषाद व सास आशा देवी निषाद ताने मारने लगी कि उनके बिना पूछे इस कार्यक्रम में क्यों शामिल हो गई।
इसी बात को लेकर आरती देवी घर पहुंचकर साड़ी के फंदे से झूल गई। मृतक का मायका बालापुर अहिरी गांव है। पिछले साल 10 मार्च को उसकी शादी हुई थी। बताया कि थाने में तहरीर देने गए थे। जिसमें कहा गया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद दाह संस्कार कर दो। इसके बाद थाने आना कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।