पोस्टमार्टम हाउस में घटना की जानकारी देते मृतक के परिजन
कालेज के सामने अपनी जमीन से दुकान हटाने का दबाव बनाने पर दुकानदार ने अपने भाई, पुत्र व एक रिश्तेदार के साथ मिलकर भूमि मालिक के पुत्र को गला दबाकर मार डाला। पुलिस ने चारों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
राजापुर थाना क्षेत्र के सरधुआ गांव में अन्नवीर सिंह उर्फ वीरू (23) पुत्र अरुण सिंह की गांव के पास ही लोहे के बक्सों की दुकान है। शुक्रवार को उसके माता-पिता रीवा गए थे। दोनों भाई वीरू व अंकित देर शाम तक दुकान पर थे।
अंकित ने बताया कि दुकान पर पड़ोसी अब्दुल हमीद पुत्र रहमान, अब्दुल मजीद पुत्र अब्दुल हमीद और अब्दुल हमीद का भाई अब्दुल रसीद व एक उनका रिश्तेदार बैठे गपशप कर रहे थे। अंधेरा होने पर वह खाना खाने घर चला आया। रात लगभग साढे़ नौ बजे बडे़ भाई को बुलाने आया तो अब्दुल हमीद ने बताया कि वीरू अचानक बेहोश हो गया है। बाकी लोग जा चुके थे। अंदर कमरे में जाकर देखा तो भाई के गले पर रस्सी के कई निशान थे।
यह देख अंकित ने पुलिस को सूचना दी तो हमीद ने भी भागने का प्रयास किया लेकिन उसने पकड़े रखा। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष हवलदार सिंह ने हत्या की आशंका में हमीद को पकड़ लिया। मौका मुआयना में कमरे से वह रस्सी मिल गई, जिससे वीरू का गला घोंटा गया था।
थानाध्यक्ष ने बताया कि आशंका है कि चारों ने मिलकर पहले वीरू को पीटा फिर रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी। उसकी मौत होते ही अन्य भाग निकले। अब्दुल हमीद के भागने के पहले ही मृतक का भाई आ गया, जिससे वह भाग नहीं पाया। चारों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। हालांकि हमीद का कहना है कि जब वह वहां आया था तो वीरू बेहोशी की हालत में था। जल्द ही अन्य आरोपियों को पकड़ा जाएगा।
हत्या के पीछे सरधुआ इंटर कालेज के सामने स्थित अब्दुल हमीद की अंडे व साइकिल मरम्मत की दुकान हटवाने का विवाद है। मृतक के भाई ने बताया कि कालेज प्रशासन ने शिकायत की थी कि इस दुकान पर खड़े रहने वाले लोग छात्र-छात्राओं से अभद्रता करते हैं। आए दिन शराबियों का जमघट रहता है। दुकान उनकी जमीन पर थी, इसलिए वीरू ने अब्दुल से कई बार दुकान हटाने को कहा था। इसी बात की खुन्नस में उसकी हत्या कर दी गई।