संदिग्ध अवस्था में आग से झुलसकर महिला की मौत हो गई जबकि बचाने में पति मामूली रूप से झुलस गया। मायके पक्ष ने पति पर जलाकर मारने का आरोप लगाया है। जिस कमरे में महिला जली वहां का पूरा सामान जलकर राख हो गया है।
कोतवाली क्षेत्र के भैरों पागा मोहल्ले में रविवार की रात अतरौली राजापुर के मूल निवासी रामकिशोर के घर मेें अचानक आग लगने की सूचना पर दमकल पहुंची। पड़ोसियों की मदद से दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया और कमरे में मौजूद गंभीर रूप से झुलसी सुनंदा रैकवार (32) को बाहर निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के पति ने बताया कि रात में कमरे में ढिबरी अचानक बिस्तर पर गिरी जिसे आग पकड़ ली। यह देखकर पत्नी को बचाने का प्रयास किया जिसमें वह भी झुलस गया। आग बढ़ने पर वह चिल्लाता हुआ बाहर की ओर भागा।
उधर, मृतका के पिता गोलीनाथ ने आरोप लगाया कि दामाद रामकिशोर नशे का आदी है और अक्सर पुत्री की पिटाई करता था। रविवार रात उसने सुनंदा को पीटकर आग लगा दी। उधर, प्रभारी कोतवाल प्रदीप यादव ने बताया कि फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है। आग से जलकर महिला के मौत होने की सूचना अंकित की गई है। दोनों की नौ साल पहले शादी हुई थी, उनके तीन पुत्र हैं।