राजापुर(चित्रकूट)। थानाक्षेत्र के छोटे से गांव अमान में बेरहमी की सारी मर्यादा पार कर चार मासूम व उसकी मां की गला रेतकर हत्या करने वाले दंपति का पुलिस कुछ भी सुराग नहीं लगा सकी है।
नवांगतुक पुलिस अधीक्षक ने जिस अंदाज में तेजी दिखाई उससे लगा कि अब 24 घंटे के अंदर ही दोनों आरोपी सबके सामने होंगे लेकिन आधा दर्जन पुलिस टीमें सिर्फ सर्विलांस के ही सहारे हाथ पर हाथ धरे बैठी हैं। निर्मम हत्याकांड के एक हफ्ते होने वाले हैं और पुलिस के हाथ खाली हैं।
सबूत से लेकर कई गवाह भी उसके कस्टडी में है लेकिन मुख्य आरोपियों तक उनके हाथ नहीं पहुंचे। जिसे लेकर स्थानीय नेताओं से लेकर कई राजनैतिक दल के नेताओं ने भी कड़ी निंदा की है।
गौरतलब है कि अमान गांव निवासी अवधेश यादव पर गुजरात से रानी देवी व उसके चार बच्चाें को यहां लाकर हत्याकर शव बोरे में भरकर फेेंकने का आरोप है। इस कांड में उसकी पत्नी मंटू उर्फ कुसुम को भी बराबर का सहयोगी पुलिस ने बताया है।
मंगलवार को शव मिलने के बाद से आरोपी दंपति फरार हैं। जिनकी तलाश के लिए आधा दर्जन पुलिस टीमें लगी हैं। अब लगभग एक हफ्ता बीत गया लेकिन पुलिस आरोपियों को नहीं दबोच सकी है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक प्रताप गोपेंद्र सिंह घटनास्थल से लेकर आरोपियों के अमान व सगवारा गांव पहुंचे।
पुलिस टीम को सख्त हिदायत दी कि आरोपी दंपति को जल्द पकड़े लेकिन जांच टीम का क्या कहें। सभी सिर्फ सर्विलांस के ही सहारे बैठी हैं। सीओ से लेकर प्रभारी थानाध्यक्ष और जांच टीम के प्रभारियों का यही कहना है कि आरोपी मोबाइल स्विच ऑफ किए है और लोकेशन बदल रहा है। अब सवाल यह है कि पुलिस के तमाम तरीके सब बेकार हो गए हैं शायद तभी तो सभी को आरोपी के मोबाइल ऑन कर लोकेशन जानने का इंतजार है।
बता दें कि पुलिस आरोपी के घर से खून से लेकर कई महत्वपूर्ण सुराग बरामद कर पांचों की हत्या में अवधेश व उसकी पत्नी मंटू का ही हाथ बताया है। अवधेश के साले के पुत्र विपिन ने तो पूरी कहानी ही बता दी। परिजनों से लेकर कई ग्रामीण भी पुलिस के सामने बयान दे चुके हैं कि हत्या अवधेश ने की है। पुलिस अधीक्षक के सामने भी कई लोगों ने इस बात को कहा है लेकिन आरोपी फरार हैं। जिससे पुलिस कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
आरोपी के भाई व साले को लेकर छापेमारी
राजापुर। शनिवार को सीओ महेंद्र शुक्ला व प्रभारी थानाध्यक्ष संतशरण सिंह ने पांच लोगों की हत्या के मुख्य आरोपी दंपति को दबोचने के लिए कई स्थानों पर छापेमारी की। मुखबिर की सूचना पर जहां भी पुलिस पहुंची वहां से निराश लौटना पड़ा।
देर शाम को पुलिस टीम ने आरोपी के भाई अवकेश व साले को लेकर छिपनी,बरद्वारा, चिल्लीमल समेत जिला मुख्यालय में रहने वाले कुछ रिश्तेदारों के घर छापेमारी की है।