चित्रकूट। एक लाख पांच हजार के इनामी डाकू गोप्पा गैंग के सदस्य को पुलिस ने दबोच लिया है। उसके कब्जे से तमंचा व कारतूस बरामद हुए। इस पर अपहरण, मुठभेड़ व धमकी देने के आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। यह पांच हजार का इनामी भी है।
जानकारी के अनुसार रैपुरा पुलिस टीम के साथ अन्य थाने की पुलिस टीमें जंगल में डाकुओं की तलाश में कांबिंग कर रही थी तभी मुखबिर की सूचना पर डाकू गोप्पा गैंग के देशाह जंगल के पास मौजूदगी पर पुलिस बल एलर्ट हुआ। थानाध्यक्ष मनोज शुक्ला ने बताया कि पुलिस टीम ने देशाह के जंगल में घेराबंदी शुरू की। कुछ दूरी पर गैंग के मम्मी उर्फ बबली पासी पुत्र लखपत निवासी गोरिया थाना रैपुरा को दबोच लिया। गैंग के अन्य साथी भागने में सफल रहे।
पकड़ा गया डाकू पांच हजार का इनामी है। इसके कब्जे से एक तमंचा व तीन कारतूस बरामद हुए हैं। इस पर गैंग के साथ रहते हुए कई साल हो गए हैं। मुठभेड़ के अलावा, अपहरण व फिरौती वसूलने के आधा दर्जन मामले कई थाने में दर्ज हैं। सन 2014 से यह डाकूओं की संगत में है। इसका सगा भाई धोनी पासी भी डाकू गोप्पा गैंग का हार्डकोर सदस्य है। सन 2015 में इसे पुलिस ने पकड़ा था और दस्यु संरक्षण में जेल जा चुका है। जेल से छूटने के बाद से यह भी गोप्पा के साथ ही रहकर वारदात मेें शामिल रहता था।