अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। डाकू गोप्पा गैंग को कारतूस व खाद्य सामग्री पहुंचाने जा रहे गैंग के पांच हजार के इनामी सदस्य को पुलिस ने दबोच लिया है। एक साल से फरार आरोपी पर पुलिस से मुठभेड़ करने समेत चार मामले दर्ज हैं। जिससे तमंचा भी बरामद हुआ है।
सीतापुर चौकी प्रभारी शेषमणि त्रिपाठी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर गुरुवार की रात को देवागंना मोड़ पर चेेकिंग अभियान चलाया गया। इसी बीच एक संदिग्ध वहां से गुजरा और पुलिस को देखकर जंगल की ओर जाने लगा। जिसे पकड़ा गया तो उसने अपना नाम अजीज अहमद पुत्र इमाम अली निवासी कोलगदहिया बताया। उसके कब्जे से एक तमंचा, 13 कारतूस व भारी मात्रा में खाद्य सामग्री बरामद होने पर कड़ाई से पूछतांछ की गई। जानकारी के अनुसार अजीज अहमद पर पांच हजार का इनाम है। वह एक लाख पांच हजार के इनामी डाकू गोप्पा गैंग का सदस्य है। शुक्रवार को उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पकड़े गए गैंग के सदस्य पर बहिलपुरवा थानाक्षेत्र के कर्का गांव में दो भाइयों के अपहरण कर फिरौती मंागने, बोरिंग मशीन को फूंकने और पुलिस मुठभेड़ करने के मामले दर्ज हैं। गौरतलब है कि 26 जून को कर्का गांव से बोरिंग करने गए दो भाइयों का अपहरण हुआ था।
पुलिस द्वारा पकड़े गए गोप्पा गैंग के सदस्य अजीज ने खुद को निर्दोष बताया। कहा कि उसके मोबाइल से गांव के कुछ लोगों ने डाकू गोप्पा से बात की थी। जिसकी जानकारी उसे बाद में हुई। इसी आधार पर पुलिस ने उसे पकड़ा है।