मृतका के घर के बगल वाले कमरे में बंद ताला।
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यालय के गोकुलपुरी में नाबालिग बालिका की हत्या कर शव बोरे में भरकर फेंकने केे मामले में पुलिस अभी रेप की पुष्टि तो नहीं कर पाई है लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट हो गया कि उसका मुंह दबाकर हत्या की गई है। उसके शरीर के कई हिस्से में खरोंच व चोट के निशान पाए गए हैं। रेप की पुष्टि के लिए स्लाइड लखनऊ जांच को भेजी गई है। अभी तक हत्यारों का कुछ सुराग नहीं मिल पाया है।
गौरतलब है कि शुक्रवार की रात को कोतवाली क्षेत्र के शंकर बाजार गोकुलपुरी मेें साधू उर्फ सद्दू की 13 वर्षीय पुत्री शिवदेवी की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी थी। शव सीमेंट वाली बोरी मेें भरकर घर से कुछ दूर गली मेें फेंक दिया था। घटना की जानकारी होते ही डीआईजी ज्ञानेश्वर तिवारी व एसपी डीपी सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के लिए पांच टीमें गठित की थी। रविवार को जांच टीम के प्रमुख अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने कोतवाल के साथ मृतका के घर व घटनास्थल का दोबारा निरीक्षण किया।
कोतवाल सत्यपाल सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में बालिका का मुंह दबाने से मौत की पुष्टि हुई है। इससे साबित है कि बालिका ने जोर जबरदस्ती का विरोध किया तो आरोपी काफी देर तक उसका मुंह दाबे रहे जिससे उसकी मौत हो गई।
अपर एसपी ने बताया कि मृतका के शरीर में कई स्थानों पर पर चोट व खरोंच के निशान हैं लेकिन रेप की पुष्टि नहीं हो पाई है। इसके लिए स्लाइड लखनऊ जांच के लिए भेजी गई है। हत्यारों के बारे में अभी कुछ सुराग नहीं मिला है। मृतका के आसपास रहने वालों से दो बार पूछताछ की जा चुकी है।
मृतका शिवदेवी के कमरे के बगल में रहने वाले इंटर के दो छात्रों के कमरे के बाहर व ताले में मिले खून के निशान पर पुलिस ने छानबीन की। दोनाें छात्रों के न होने पर ताला तोड़कर कमरे का निरीक्षण किया गया। अपर एसपी ने बताया कि शुक्रवार को मृतका की छोटी बहन की उंगली ब्लेेड से कट गई थी। वह मां से डर के कारण बगल में जाकर कपड़े व कागज से खून का रिसाव रोका। इसी दौरान ताले में भी खून लग गया था।
पोस्टमार्टम के दौरान बालिका के शरीर में चोट के निशान के साथ ही चारपाई के बांधने के रेशे भी मिले हैं। कोतवाल ने बताया कि उसके कपड़ों में भी कुछ रेशे मिले हैं जिससे लगता है कि आरोपियों ने उसे पहले चारपाई पर लिटाया था। इसके अलावा जांच की सुई उस बोरी के इर्द गिर्द भी घूम रही है जिसमें शव रखकर फेंका गया था।