चित्रकूट/भरतकूप। मप्र क्षेत्र में वारदात कर यूपी के जंगलों की ओर भागकर आए तीस हजार के इनामी डाकू ललित पटेल गैंग की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। एक घंटे तक घेराबंदी व फायरिंग के बाद डाकू गैंग तो भाग निकला लेकिन पुलिस का दावा है कि सरगना के पैर में गोली लगी है और उसके साथी उसे बचाकर ले गए हैं। आस पास के जंगलों में भागे डाकुओं की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह मप्र. क्षेत्र में आतंक फैलाए डाकू ललित पटेल गैंग की मौजूदगी की सूचना पर मडै़यन का पुरवा कोढना पुरवा में पुलिस ने घेराबंदी शुरू की। पुलिस अधीक्षक प्रताप गोपेंद्र सिंह ने बताया कि डकैत गैंग को दबोचने के लिए तीन टीमों का गठन कर अपर पुलिस अधीक्षक चित्रकूट बलवंत चौधरी, सीओ सिटी राजेश तिवारी ,चौकी प्रभारी भरतकूप सुजीत कुमार व चौकी प्रभारी सीतापुर शेषमणि त्रिपाठी को को मडै़यन का पुरवा भेजा गया। पुलिस टीम ने ललित गैंग एवं उनके सदस्यों की कोड़न के जंगलों में तीनों तरफ से घेराबंदी की। जैसे ही पुलिस टीम तीनों तरफ से गैंग के नजदीक पहुचीं तो डकैतों ने जंगल में पेड़ों एवं पत्थरों की आड़ लेते हुए पुलिस बल पर अंधाधुंध फायरिंग करना शुरू कर दिया।
लगभग एक घंटे तक दोनों ओर से रूक-रूककर फायरिंग हुई लेकिन डाकू गैंग वापस कोल्हुआ जंगल की ओर फायरिंग करता हुआ भाग निकला। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गांव के कुछ लोगों ने जानकारी दी है कि गैंग के सरगना ललित को गोली लगी है। कुछ लोगों ने उसे लंगड़ाकर भागते हुए देखा है। ऐसे में पूरी संभावना है कि ललित अथवा उसके किसी सदस्य को गोली लगी हो। इसके बाद अब डाकू गैंग की तलाश में लगातार घेराबंदी की जा रही है।
चित्रकूट। जंगल में डाकू ललित पटेल गैंग से पुलिस की मुठभेड़ के बाद पुलिस अधीक्षक व एंटी डकैती टीम मौके पर पहुंची। मुठभेड़ स्थल से दो दर्जन खोखे बरामद हुए हैं। इसके अलावा गोली लगने की बात पर पुलिस टीम जंगल में खून व अन्य सामग्री की तलाश करती रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल जंगल में कोई खून के निशान नहीं मिले हैं।
मप्र पुलिस दबाव से आया यूपी क्षेत्र
चित्रकूट। गौरतलब है कि तीस हजार के इनामी डाकू ललित पटेल गैंग ने दो दिन पूर्व ही जिले के सीमावर्ती नयागांव थाने के जुगुलपुर गांव में एक झोलाछाप डॉक्टर के घर की घेराबंदी कर रंगदारी पहुंचाने की धमकी दी थी। जिसमें आरोप है कि पुलिस सूचना दी गई और पुलिस टीम देरी से आई थी। जिससे डाकू भाग निकले थे। सतना एसपी मिथलेश कुमार ने सोमवार को बताया कि लगातार जुगुलपुर से लेकर अनुसूइया के जंगलों में डाकू ललित की तलाश हो रही है। इसी डर से डाकू यूपी क्षेत्र के जंगलों में पहुंच गया है। इस मुठभेड़ के बाद एमपी बार्डर में कड़ी चौकसी की जाएगी। जुगुलपुर में डाकू के धावा बोलकर धमकी देने के मामले में किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है। सोमवार को पुलिस टीम गांव गई थी और ग्रामीणों को भयमुक्त होकर रहने को आश्वस्त किया है।