चित्रकूट। हाईवे पर अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराकर ट्रक रोक लिया और चालक को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन चालक ट्रक छोड़ भाग निकला।
इसके बाद घायल के परिजनों ने जिला अस्पताल में इलाज में देरी होने पर हंगामा काटा।
रेरूआ रैपुरा निवासी मनोज पांडेय (30) शनिवार को कोतवाली क्षेत्र के हाईवे कालूपुर के पास पहुंचा तो सामने से आए अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे मनोज छिटककर सड़क पर जा गिरा। उसने हेलमेट नहीं पहना था। उसके सिर व मुंह पर गंभीर चोर्ट आई।
दुर्घटना होते ही स्थानीय लोगों ने घायल को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा और ट्रक चालक को पकड़ने का प्रयास किया। चालक तो भाग निकला लेकिन ट्रक को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
उधर घायल को जिला अस्पताल में जब भर्ती कराया गया तो वहां उसके परिजन व दोस्त भी पहुंच गए। इलाज में देरी होने पर सभी ने हंगामा काटना शुरू कर दिया। इसके बाद सूचना पर कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और स्थानीय लोगाें को समझाया। तब जाकर इलाज शुरू हो पाया। प्राथमिक इलाज के बाद घायल को इलाहाबाद रेफर किया गया।
बाइक टकराई, प्रधानपति घायल
राजापुर। थानाक्षेत्र के घुरेहटा गांव में शनिवार की सुबह आमने-सामने से बाइक टकराने पर गोसाईपुर पराको प्रधानपति भगवानदास घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहना था।