हाईवे पर पलटी बरातियों से भरी कार, दूल्हे का बहनोई व दोस्त की मौत
:- दूल्हा सुरक्षित, अन्य तीन घायलों को इलाज के बाद भेजा गया घर
अमर उजाला ब्यूरो फालोअप
चित्रकूट। अगला पहिया अचानक फटने से दूल्हे के साथ बरातियों से भरी कार हाईवे पर पलट गई। जिसमें दूल्हा तो सही सलामत बच गया लेकिन उसके बहनोई और दोस्त की इलाज के दौरान मौत हो गई। अन्य तीन घायलों को अस्पताल में इलाज चल रहा है।
गौरतलब है कि रैपुरा निवासी प्रहलाद पटेल के पुत्र अर्जुन की बारात सोमवार को नयागांव थानाक्षेत्र के नौबस्ता गांव जा रही थी। दूल्हे की कार में उसके बहनोई ठर्री सेमरिया जगन्नाथचरण दासी निवासी देवनारायण पटेल, दोस्त अमित प्रजापति उर्फछोटू समेत खुशी पुत्री मनोज, हेमंत और विनोद चौबे बैठेे थे। जानकारी के अनुसार कार का अगला टायर रैपुरा थानाक्षेत्र के हाईवे पर तरकहापुरवा मोड़ पर अचानक फट गया और अनियंत्रित कार पलट गई थी। जिसमें दूल्हे को छोड़ सभी को चोंट आई और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
देर रात को डाक्टरों ने देवनारायण और अमित की हालत नाजुक होने पर इलाहाबाद रेफर किया। रास्ते में दोनों की मौत हो गई। मंगलवार को अन्य भर्ती घायलों को इलाज के बाद घर भेज दिया गया। घटना की जानकारी होने पर मानिकपुर विधायक आरके सिंह पटेल, डीडीसी अनिल प्रधान समेत कलक्ट्रेट व तहसील के कर्मचारी जिला अस्पताल पहुंचे।