बंटवारे को लेकर भाइयों के बीच चटकीं लाठियां
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। प्रधानमंत्री आवास के बंटवारे को लेकर सगे भाइयों के बीच लाठी-डंडे व फरसा चले। जिसमें एक पक्ष के तीन लोग घायल हुए।
कोतवाली क्षेत्र के पहरा बरूई निवासी शिवनरेश ने बताया कि उसे सरकारी योजना के तहत प्रधानमंत्री आवास मिला है। उसने निर्माण कराकर कुछ अपनी संपत्ति लगाकर उसमें अतिरिक्त निर्माण कराया है अब उसके दो भाई अवधनरेश व राजनरेश पुत्रगण रामलखन इसमें अपना हिस्सा मांग कर बंटवारा करने को कह रहे हैं। इसका विरोध करने पर सोमवार को लाठी-डंडे व फरसा लेकर उस पर हमला कर दिया। उसे बचाने पहुंचे बडे़ भाई रामनरेश व उसकी बेटी क्षमा को भी आरोपियों ने पीटकर घायल कर दिया। इसके बाद तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की तहरीर पर आरोपी दो भाई समेत उनके दो पुत्रों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।