संपत्ति हथियाने के लिए ससुर पर फर्जी केस कराने का आरोप
डिग्री कालेज की प्रवक्ता ने पत्नी व मायका पक्ष से बचाने की लगाई गुहार
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। संस्कृत महाविद्यालय के प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि पत्नी अपने मायका पक्ष से मिलकर उसकी संपत्ति हथियाना चाहती है। शादी के कुछ दिनों बाद से ही वह मायके चली गई फिर वहां बुलाकर उसे बंधक बनाकर धमकी दी। जब बात नहीं बनी तो अब ससुर पर झूठा दुष्कर्म का आरोप लगाकर पुलिस का दबाव बनाया जा रहा है। जिससे वह और उसका परिवार मानसिक रूप से बेहद परेशान है।
पुलिस अधीक्षक को लिखे पत्र में भरतकूप के सभापुर निवासी/ प्रवक्ता कमलाकांत शुक्ला ने बताया कि उसका विवाह एक साल पूर्व इसी जिले में हुआ है। शादी के कुछ माह बाद पत्नी व उसके मायका पक्ष के लोग मिलकर पूरी संपत्ति पत्नी के नाम लिखने का दबाव बनाया। विरोध किया तो पुलिस में फर्जी मारपीट व उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज करा दी। जांच में पुलिस ने मामले को गलत पाया। कुछ माह बाद पत्नी व उसके परिजनों ने उसे पत्नी को विदा कराने के बहाने से बुलाया। जब वह उनके घर पहुंचा तो उसे कमरे में बंधक बनाकर डराया धमकाया गया। किसी तरह वह वहां से छूटकर अपने घर आ गया। इसके बाद भी जब संपत्ति उनके नाम नहीं की तो अब पत्नी अपने मायका पक्ष से मिलकर उसके पिता(ससुर) पर दुष्कर्म का फर्जी आरोप लगा रही है। पीड़ित प्रवक्ता ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की जांच कराने की मांग के अलावा परिवार की सुरक्षा की भी मांग की है।