मजिस्ट्रियल जांच के लिए भी पुलिस तैयार
अमर उजाला ब्यूरो फालोअप
चित्रकूट। मानिकपुर के नागर गांव की महिला प्रधान चुन्नी देवी ने कथित पुलिस पिटाई के दो दिन बाद मेडिकल परीक्षण कराया है। प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने चल रही जांच में ही यह जांच भी शामिल कर ली है। पुलिस अधीक्षक ने दावा किया है कि महिला को चोट किसी असलहे की बट से नहीं लगी है। फिलहाल जांच में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। इसकी जांच जारी है। राजनैतिक हस्ताक्षेप पर कहा कि पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराने के लिए भी तैयार हैं।
गौरतलब है कि मंगलवार की रात को नागर गांव में पांच लाख तीस हजार के इनामी डाकू बबुली कोल गैंग की मौजूदगी की सूचना पर भारी पुलिस बल ने घेराबंदी की थी। जिसमें डाकू गैंग को बचाने के लिए ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव किया था और डाकू भाग निकले थे। फायरिंग व पीछा करने के बाद भी पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा था। इसी दौरान महिला प्रधान चुन्नी देवी ने आरोप लगाया था कि पुलिस कर्मियों ने उसके घर में घुसकर मारपीट की और पति समेत कुछ लोगों को फर्जी तरीके से दस्यु संरक्षण में पकड़ ले गई थी। इसका विरोध करने पर मारपीट की गई। जिसमें घायल महिला प्रधान समेत 50 से ज्यादा लोगाें के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज है।
दो दिन तक महिला प्रधान ने मेडिकल परीक्षण नहीं कराया था। अपर पुलिस अधीक्षक बलवंत चौधरी ने बताया कि शुक्रवार को घायल महिला ने डॉक्टरी परीक्षण कराया है। उसके सिर व कमर के दो स्थानों पर चोट लगी है। महिला ने जो पुलिस पर मारपीट करने की तहरीर दी है उसे पुलिस की चल रही जांच में शामिल किया गया है। खासकर महिला ने मानिकपुर के तत्कालीन थानाध्यक्ष अजय यादव पर पिटाई व अवैध वसूली के आरोप लगाए हैं। इन सब बिंदुओं को उसी जांच में शािमल किया गया है।
जिसमें दो चोंटे होना बताया गया है। यह भी पूरी संभावना है कि वह चोट किसी असलहे की बट की नहीं बल्कि पत्थर लगने या गिरने की हो सकती है।
इस मामले में पुलिस अधीक्षक प्रताप गोपेंद्र सिंह ने बताया कि डकैतों को बचाने वालों के खिलाफ अभियान नहीं रुकेगा। पुलिस किसी भी हालत में संरक्षणदाताओं को नहीं छोड़ेगी चाहे वह राजनैतिक व्यक्ति हो या ग्रामीण। घटना के दिन पथराव से सीओ मऊ भानुप्रताप, गनर पवन कुमार, थानाध्यक्ष साजिद खान, आरक्षी अंकित, हरिनाथ, पुष्पेंद्र कुमार व वीरबहादुर घायल हुए हैं। जिसे जैसी जांच करानी हो करा ले। यहां तक कि मजिस्ट्रियल जांच के लिए भी वह तैयार हैं।
-महिला प्रधान के शरीर के दो हिस्से में चोट
:- आखिरकार प्रधान ने कराया मेडिकल
:- पुलिस की जांच में शामिल होगी महिला की शिकायत