साधना गैंग के सरगना को पुलिस ने दबोचा
चित्रकूट। इनामी दस्यु सुंदरी साधना पटेल गैंग के सरगना बीस हजार के इनामी डाकू दीपक शिवहरे को पुलिस ने दबोच लिया है। उसके कब्जे से भारी मात्रा में कारतूस व अन्य सामग्री बरामद हुई है। दुर्ग पुलिस पूछताछ के बाद उसे लेकर नयागांव थाने पहुंचेगी। जिले की सीमा से सटे नयागांव थाना क्षेत्र के बीस हजार के इनामी डाकू दीपक शिवहरे निवासी सेजवार को दुर्ग पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दुर्ग के एक घर से दबोच लिया है। नया गांव थानाप्रभारी केबी त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। उसके पास कारतूस के अलावा कई डायरी बरामद हुई है। इस पर अपहरण के अलावा छह मामले दर्ज हैं। दस्यु सुंदरी साधना पटेल गैंग का यह सरगना था। डाकू नवल धोबी के जेल जाने के बाद इसी ने गैंग की कमान संभाली थी।