मऊ (चित्रकूट)। तहसील के परदवां कनभय मजरे के ग्रामीणों ने डीएम से अवैध खनन की शिकायत की है। डीएम को लिखे पत्र में आरोप लगाया कि इसमें स्थानीय प्रशासन व पुलिस के सहयोग से राजस्व को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। इस पर रोक लगाई जाए।
परदवां व कनभय निवासी रामकिशोर, चुनकूराम, सोहन, योगेंद्र कुमार, रमेश, जियावन आदि ने आरोप लगाया कि अवैध रूप से सिल्क सेंड नामक पत्थरों को तोड़कर बेचा जा रहा है। कुछ लोग इस बालू और पत्थरों को अवैध तुड़वाकर भिजवा रहे हैं। इस क्षेत्र में इसके खनन का किसी को पट्टा नहीं है। प्रतिदिन लगभग 10 से अधिक वाहनों में माल का ढुलान किया जा रहा है। इससे लगभग 35 हजार रुपये प्रतिदिन के राजस्व का भी नुकसान हो रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार इस पर रोक लगवाने के लिए प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों को पत्र लिखा, लेकिन इस पर कोई रोक नहीं लगी। इसमें दोनों विभाग के कुछ अधिकारी व कर्मचारियों की सहभागिता भी हो सकती है। इसकी जांच कराकर अवैध खनन रोका जाए। इस संबंध में जिला खनिज अधिकारी सुधाकरण सिंह ने बताया कि अवैध खनन की जानकारी अभी तक नहीं मिली है। मौके पर टीम भेजकर जांच कराई जाएगी।