मानिकपुर (चित्रकूट)। कस्बे के कपड़ा व्यापारी बाड़े में लगे ट्यूबवेल को चालू करते समय करंट की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से झुलसे व्यापारी को परिजनों ने सीएचसी मेंं भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में उनकी मौत हो गई।
कस्बे में कपड़े की दुकान संचालित करने वाले आर्यनगर मोहल्ला निवासी अजय कुमार अग्रहरि (52) सोमवार की देर शाम को घर के सामने स्थित बाड़े में नलकूप चालू करने गए। अंधेरा होने के चलते एक हाथ से मोबाइल की टाॅर्च जला कर दूसरे हाथ से विद्युत तार बोर्ड में लगाने लगे तभी करंट लग गया और बेहोश होकर गिर गए। कुछ देर बाद परिजनों को जानकारी हुई तो उन्हें सीएचसी ले गए जहां डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल लाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। उनके दो पुत्री एक पुत्र है। मंगलवार को परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए उनका कस्बे के बाहर अंतिम संस्कार करा दिया।