फोटो-3- युवक के खुदकुशी करने की सूचना पर जांच पड़ताल करती पुलिस टीम। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
मानिकपुर (चित्रकूट)। युवक ने घर में फंदे से लटककर जान दे दी। परिजनों का आरोप है कि दोस्तों ने शराब पिलाकर मारपीट की और उसका मोबाइल छीन लिया। इसी से क्षुब्ध होकर युवक ने खुदकुशी की है।
थाना क्षेत्र के वाल्मीकि नगर पूर्वी निवासी श्यामलाल के पुत्र करन (19) ने रविवार की रात घर में कमरा बंदकर फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। सोमवार की सुबह मां शंखी देवी ने कमरे का दरवाजा खटखटाया और आवाज लगाई। काफी देर तक करन की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। खिड़की खोलना चाहा, लेकिन वह अंदर से बंद थी। अनहोनी की आशंका पर पड़ोसियों की मदद से घर के पीछे की दीवार तोड़ी गई।
कमरे के अंदर जाकर देखा तो करन का शव साड़ी के फंदे से लटक रहा था। परिजनों में चीख पुकार मच गई। सूचना पर सीओ शीतला प्रसाद पांडेय और थाना प्रभारी गिरेंद्र प्रताप सिंह फोर्स के साथ पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से शव नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मां ने बताया कि रविवार की रात करन मोहल्ले के तीन दोस्तों के साथ एक स्थान पर देखा गया था। आरोप लगाया कि तीनों दोस्तों ने उसे शराब पिलाई। इसके बाद मोबाइल छीन लिया। पैंट शर्ट भी उतार लिए। किसी तरह वह रात में नशे की हालत में घर आया और इसकी जानकारी दी। आरोप लगाया कि इसी से क्षुब्ध होकर करन ने खुदकुशी की है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घनश्याम पांडेय