चित्रकूट। जिले में गुरुवार को नाव और बाइक से तिरंगा यात्रा निकाली गई। समाजसेवियों ने स्कूली बच्चों के साथ तिरंगा यात्रा की अगुवाई की।
महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के छात्रों व शिक्षकों ने राष्ट्रीय ध्वज के साथ केसरिया, सफेद, हरे रंग की ड्रेस पहनकर तिरंगा यात्रा निकाली। कुलपति प्रो. भरत मिश्रा शामिल रहे। उच्च प्राथमिक विद्यालय भरतकूप में पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय की मौजूदगी में छात्रों, शिक्षकों के साथ स्थानीय समाजसेवियों ने तिरंगा यात्रा निकाली। प्रधानपति शंभू सिंह चंदेल, व्यापारी नेता कल्लूराम गुप्ता, अशोक गुप्ता, रामबाबू गुप्ता, चुन्नूलाल, हरीशंकर, बद्री साहू आदि मौजूद रहे।
प्रधानाध्यापक बृजेंद्र गुप्ता की अगुवाई में पूर्व माध्यमिक विद्यालय संग्रामपुर के छात्र-छात्राओं ने महात्मा गांधी व अन्य शहीदों के वेश में तिरंगा यात्रा निकाली। रामघाट पर भाजपा नेता शानू गुप्ता के नेतृत्व में मंदाकिनी नदी में नौकाओं पर बैठकर तिरंगा संदेश यात्रा निकाली गई। रामप्रकाश केसरवानी, शेषू जायसवाल, ज्ञान केशरवानी आदि मौजूद रहे।
शहर के स्टेडियम में युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के अधिकारी रीत सुंदरम के नेतृत्व में तिरंगा बाइक यात्रा निकाली गई। इसमें क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अखंड प्रताप सिंह, मतगंजन प्रसाद, श्रवण दीक्षित आदि मौजूद रहे।
शिवरामपुर प्रतिनिधि के मुताबिक, प्राथमिक विद्यालय भाग-1 के बच्चों ने प्रधानाध्यापिका कविता वर्मा की अगुवाई में नगर में तिरंगा यात्रा निकाली। सरैयां प्रतिनिधि के मुताबिक, उच्च प्राथमिक विद्यालय के बच्चों ने तिरंगा यात्रा निकाल आजादी का अमृत महोत्सव मनाया।
मानिकपुर ब्लॉक प्रमुख अरविंद मिश्रा, सरैयां प्रधान गीता देवी, प्रधानाध्यापक उमाशंकर पांडे, विशाल उपाध्याय, विश्वास दुबे, गोकर्ण उपाध्याय आदि शामिल रहे।