चित्रकूट। बरगढ़ कस्बे के पास एक सप्ताह पूर्व रेलकर्मी से हुई लूट में पुलिस ने तीन बदमाशों को दबोचा है। इनके कब्जे से चोरी की बाइक समेत घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। तीनों प्रयागराज जिले के निवासी हैं।
शुक्रवार को एसपी कार्यालय में पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने बताया कि पांच जनवरी की रात बरगढ़ के रेलकर्मी विजय कुमार केसरवानी के साथ लूट हुुई थी। रेलकर्मी ने बताया कि ड्यूटी जाते समय बोझ गांव के पास बदमाशों ने उसकी बाइक, मोबाइल, बैग, कागजात और रुपये लूट लिए थे। मामले के खुलासे के लिए सर्विलांस व बरगढ़ थाने की टीम को सतर्क किया गया था।
शुक्रवार की सुबह बरगढ़ एसओ योगेश तिवारी, सर्विलांस प्रभारी श्याम प्रताप पटेल की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर थाना क्षेत्र के हर्दी मोड़ के पास से तीन संदिग्ध युवकों को बाइक से जाते समय रोकना चाहा। पुलिस को देखकर तीनों बाइक से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबोच लिया।
पूछताछ में उनकी पहचान प्रयागराज के करछना के घोरेडीह के अभय सिंह, मडवावीरपुर के आदर्श मिश्रा औा जगदीशपुर के मदन मोहन उर्फ आशीष यादव के रूप में हुई। इन्होंने लूट करना स्वीकार किया। इनके कब्जे से लूटी गई बाइक, बैग, शाल, कागजात, मोबाइल, दो सिम, घटना में प्रयुक्त बाइक, तमंचा, कारतूस आदि बरामद किए गए हैं। शाम को इन तीनों को जेल भेजा गया है