रोती बिलखती मृतक की पत्नी राजकुमारी व सांत्वना देते परिजन। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट। ढाबा मालिक रामखिलावन रैकवर की हत्या का आरोपी बंसता रैकवार उसका सगा रिश्तेदार नहीं है। परिजनों के अनुसार, उसके गांव रामपुर बराह में उनकी रिश्तेदारी दूसरे घर में है। बसंता मृतक को मामा कहकर बुलाता था। इस नाते कभी कभार वह कर्वी में शराब पीकर आता था तो ढाबे में भोजन करता था। मृतक के पुत्र राजेंद्र के अनुसार बसंता की निगाह उनकी बाइक पर थी। दस दिन पूर्व भी वह आया था और काम बताकर बाइक ले गया था। दो दिन तक बाइक नहीं देने नहीं आया तो उसके गांव जाकर बाइक लाए थे। तब उससे काफी नोकझोंक भी हुई थी। इस बार भी वह पिता की हत्या कर बाइक ले गया है। चर्चा है कि दो दिन पूर्व वह गांव में बाइक से घूमता देखा गया है। थानाध्यक्ष गिरेंद्र सिंह ने बताया कि उसकी लोकेशन मिली है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। (संवाद)
सदर विधायक ने जाना हाल, दी सांत्वना
चित्रकूट। ढाबा मालिक की हत्या की जानकारी होने पर सपा के सदर विधायक अनिल प्रधान पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। इस दौरान परिजनों ने उनसे एफआईआर की कॉपी न दिए जाने पर नाराजगी जताई और शव का अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। मृतक के भाई कुंजीलाल ने बताया कि मानिकपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद कापी देने से इंकार कर दिया गया। इस पर सदर विधायक ने मानिकपुर थानाध्यक्ष से फोन पर वार्ता की। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों को एफआईआर की कापी भेज दी गई है। इसके बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार किया। (संवाद)