चित्रकूट। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग प्रयागराज में जोन स्तरीय ग्रामीण खेल प्रतियोगिता में चित्रकूट की सपना देवी का कुश्ती वर्ग में प्रांतीय रैली के लिए चयन हुआ है। यह रैली गौतमबुद्धनगर जिले के नोएडा में 22 सितंबर से होगी।
जिला युवा कल्याण अधिकारी रीत सुंदरम ने बताया कि चित्रकूट से सपना देवी पुत्री सुखराज प्रसाद नांदी कुर्मियान की रहने वाली है। इनका चयन जोनस्तरीय प्रतियोगिता के बाद स्टेट में 57 किग्रा भार कुश्ती में हुआ है। गौतम बुद्ध नगर में आयोजित होने वाली प्रदेशस्तरीय प्रतियोगिता में सपना प्रतिभाग करेंगी। इस उपलब्धि के लिए खेल प्रेमियों ने शुभकामनाएं दी हैं।
जोनस्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 19 सितंबर को केपी इंटर कॉलेज प्रयागराज के मैदान पर हुआ था। इसमें चित्रकूट से तीन बालिकाओं और छह बालकों ने प्रतिभाग किया। 1500 मीटर दौड़ बालक वर्ग में रामप्रकाश पाल, 3000 मीटर दौड़ में जगदीश प्रसाद, ऊंची कूद में अमन राज सिंह, लंबी कूद में आशीष कुमार, चक्का फेंक में मोनू साहू, वेट लिफ्टिंग में आशुतोष, भाला फेंक में पुंडरीक द्वितीय रहे।
बालिका वर्ग में 200, 3000 मीटर दौड़ में स्वरूपा पाल, ऊंची कूद , गोला फेंक, चक्का फेंक में हेमा देवी, बेड लिफ्टिंग और भाला फेंक में सपना देवी द्वितीय रहीं। बालिका वर्ग कुश्ती में सपना देवी विजेता रहीं। सभी प्रतिभागियों को संदीप कुमार उप निदेशक युवा कल्याण प्रयागराज जोन के द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए।=