चित्रकूट। जिला विज्ञान क्लब के तत्वावधान में अशोक पब्लिक स्कूल खोह में बाल सृजनात्मक व नवप्रवर्तन प्रदर्शनी कार्यक्रम का आयोजन हुआ। साथ ही विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसका शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद आरके सिंह पटेल, विशिष्ट अतिथि डीएम अभिषेक आनंद और सीडीओ अमृतपाल कौर ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप जलाकर किया।
सांसद ने जिला विज्ञान क्लब के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि जनपद में होने वाली ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों की बौद्धिक क्षमता, सृजनशीलता का विकास होता है। सीडीओ ने कहा कि शिक्षक अपने शिक्षण कार्य मे डिजिटल माध्यमों का प्रयोग करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें। जिला समन्वयक साकेत बिहारी शुक्ल ने बताया कि प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न माध्यमिक व परिषदीय विद्यालयों के कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
बैजनाथ भारद्वाज सरस्वती विद्या मंदिर के छात्र प्रियांशु मिश्र ने जिले में प्रथम स्थान हासिल कर पांच हजार, चित्रकूट इंटर कालेज कर्वी के छात्र अमित कुमार को द्वितीय स्थान पर तीन हजार, तृतीय स्थान तुलसी इंटर कालेज के प्रशांत त्रिपाठी को दो हजार रुपये और प्रमाणपत्र प्रदान किया गया है। सांत्वना पुरस्कारों में धनीराम, प्रतीक्षा पांडेय, युवराज शुक्ल को एक हजार रुपये और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया है।
निर्णायक के रूप में कृषि विज्ञान केंद्र गनीवा के वरिष्ठ वैज्ञानिक विजय कुमार गौतम, प्रवक्ता डायट शिवरामपुर सौरभ चंद्र सविता, शिव प्रसाद रहे।
डीआईओएस बलिराज राम, अधिवक्ता अशोक गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि शक्ति सिंह तोमर, काशी प्रसाद शुक्ल, कोषाध्यक्ष विक्रम नामदेव, आराधना सिंह, शहनाज बानो, संतोष गुप्ता, अनुज श्रीवास्तव, विनीत सिंह, नेहा द्विवेदी, गुंजन सिंह सहित शिक्षक, शिक्षिकाएं भी रहे।