फोटो-2-खाद पाने के लिए सुबह से खोही के पास सहकारी समिति में लगी किसानों की भीड़। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट/खोही। रबी की बुआई के लिए किसानों को डीएपी नहीं मिल रही है। कई दिन बाद खाद आने पर सोमवार को सहकारी समितियों पर किसानों की लाइनें लग गईं। किसान एक-दूसरे से धक्का मुक्की भी करते रहे।
लगभग 15 दिन बाद खाद आने की खबर मिलते ही किसान सोमवार को खाद लेने के लिए समितियों पर पहुंच गए। सुबह से ही लंबी लाइनें लग गईं। जरूरी कागजात दिखाने के बाद ही किसानों को खाद दी गई। मानिकपुर, राजापुर, मऊ, भरतकूप शिवरामपुर क्षेत्र की सहकारी समितियों पर भी किसानों की भीड़ लगी।
समय से खाद न मिलने पर किसानों ने चिंता जताई। कर्वी सहकारी समिति में खाद ले रहे किसान राजेश तिवारी, महेश प्रसाद ने बताया कि हर साल खाद की समस्या बनी रहती है। इसके बाद भी कोई सुधार नहीं होता। जिला कृषि अधिकारी आरपी शुक्ला ने बताया कि जिले में नई रैक 26,720 बोरी आई है। सभी किसानों को खाद उपलब्ध कराई जाएगी।