चित्रकूट। नयागांव कामतन मार्ग पर स्थित गौरिहार मंदिर के पास रहने वाली इंटर की छात्रा ने घर में फंदा लगा लिया। घटना के समय छात्रा घर में अकेली थी। माता-पिता बड़ी लड़की से मिलने उसके ससुराल गए थे। लौटकर आने पर शव लटकता देख चीख पड़े। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कामतन मोहल्ला निवासी अरुण तिवारी ने बताया कि गुरुवार की सुबह वह बड़ी बेटी से मिलने पत्नी के साथ उसकी ससुराल गए थे। देर शाम लौटे तो कमरे के अंदर छोटी बेटी कक्षा 11 की छात्रा अंचल तिवारी फंदे से झूल रही थी। पड़ोसियों की मदद से पुलिस सूचना दी गई। इसके पीछे किसी कारण की जानकारी परिजन नहीं दे सके।
मध्यप्रदेश के चित्रकूट थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी ने बताया कि प्रथमदृष्टया खुदकुशी ही लगती है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद सही जानकारी होगी। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।