चित्रकूट। मंदाकिनी नदी में बाढ़ आने से करीब 25 से 30 दुकानों का तीन लाख रुपये का सामान बर्बाद हो गया।
रामघाट की दुकानें मठ मंदिर परिसर में हैं। इन्हें दुकानदार किराये पर लेकर संचालित करते हैं। ज्यादातर दुकानों में पूजन सामग्री, लकड़ी के खिलौने, शृंगार का सामान, पत्थर व संगमरमर की मूर्तियों की बिक्री की जाती है। बरसात के मौसम में मंदाकिनी में बाढ़ आने पर इन दुकानों में पानी घुस जाता है। दुकानदार सोनू गुप्ता, शुभम केसरवानी, रामशरण मिश्र, संतोष, लवलेश आदि ने बताया कि 21 जुलाई को नदी में दोपहर को अचानक बाढ़ आ गई। दुकान से सामान हटाने से पहले पानी दुकानों में घुस गया। इससे सामान खराब हो गया। उनका बीस से तीस हजार रुपये के सामान का नुकसान हुआ है।
संतोष व लवलेश ने बताया कि 15 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। बरसात के मौसम में कीमती सामान को वह लोग दुकानों से हटा लेते हैं, ताकि बाढ़ आने पर अधिक नुकसान न हो।