फोटो-14- जयकरन यादव- फाइल फोटो
- फोटो : CHITRAKOOT
राजापुर (चित्रकूट)। बिजली गिरने से मंगलवार को एक किसान की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके साथ ही 13 भेड़, 13 बकरियां और पांच कबूतर भी मर गए। सूचना पर पहुंची राजस्व व पुलिस टीम ने मुआयना किया है।
राजापुर थाना क्षेत्र के सिकरी गांव के जयकरन यादव (40), चुनकू यादव व जबरा प्रजापति खेत में भैंस चरा रहे थे। मंगलवार शाम को अचानक बारिश होने लगी और बादलों की तेज गड़गड़ाहट के साथ बिजली गिरने से चपेट में आए जयकरन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, जबरा व चुनकू यादव को गंभीर दशा में सीएचसी में भर्ती कराया गया है। यहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। वह दो भाइयों में छोटा था। दो पुत्र, दो पुत्रियां हैं। पत्नी पूजा देवी का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इसके साथ ही पहाड़ी थाना क्षेत्र के साईपुर गांव में चुनकावन खेत में भेड़ व बकरियां चरा रहे थे। अचानक बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने से 13 भेड़ व 13 बकरियों की मौत हो गई। मौके पर पांच कबूतर भी मरे पाए गए। सूचना पर राजापुर एसडीएम प्रमोद झा ने राजस्व व पुलिस टीम के साथ पहुंचकर मुआयना किया और परिजनों को ढांढस बंधाया।