चित्रकूट। शहर के बलदाऊगंज निवासी कपड़ा व्यापारी प्रीतम गुप्ता (72) की रेलवे स्टेशन के बांदा मार्ग के आउटर के पास ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। बेटे का कहना है कि मोहल्ले के एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार में जाते समय पिता हादसे का शिकार हुए हैं।
शुक्रवार की दोपहर झांसी-प्रयागराज पैसेंजर ट्रेन बांदा की ओर से चित्रकूट स्टेशन पर आ रही थी। रेलवे फाटक के पास आउटर पर कपड़ा व्यापारी ट्रेन की चपेट में आ गया। सूचना पर जीआरपी व कोतवाली पुलिस टीम पहुंची। स्थानीय लोगों ने शिनाख्त कर पुलिस को बताया तो उनके परिजनों को बुलाया गया।
लोगों में चर्चा है कि गृहकलह के चलते व्यापारी ने ट्रेन से कटकर जान दी। वही, बेटे आनंद गुप्ता का कहना कि मोहल्ले में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। उनके दाह संस्कार में शामिल होने के लिए पिता रेलवे पटरी के किनारे-किनारे शमशान घाट जा रहे थे। पटरी पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।