फोटो-6- मानिकपुर के बरदहा नदी का बढा जलस्तर । संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट। जिले में तीन दिन से हो रही बारिश के कारण मानिकपुर क्षेत्र की बरदहा नदी और जिला मुख्यालय की मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ गया है। चमरौहा गांव स्थित सड़क पर बने रपटे के ऊपर से पानी बह रहा है। इससे छह गांव का तहसील मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। ग्रामीण दूसरे रास्ते से जाने के लिए मजबूर हैं। मंदाकिनी नदी का जलस्तर मंगलवार की शाम को सामान्य होने से नदी तट पर बसे लोगों ने राहत की सांस ली है।
मानिकपुर क्षेत्र स्थित बरदहा नदी पहाड़ों के आसपास बसे गांव रानीपुर, सकरौहा, चमरौहा, करौंहा, जोरामाफी, गिदुरहा आदि गांवों पास से गुजरती है। इसका जलस्तर बढ़ने से मंगलवार की सुबह चमरौहा गांव स्थित सड़क से सटे रपटे पर से पानी बहता रहा। इससे इन गांव के ग्रामीणों का आवागमन बंद हो गया है। चमरौंहा गांव के निवासी कमल कोल, सुरेश कोल, रानी कोल, उमेश द्विवेदी ने बताया कि नदी में जलस्तर बढ़ा हुआ है। किसी तरह से दूसरे रास्तों से होकर जा रहे हैं।
जानकारी होने पर एसडीएम प्रमेश श्रीवास्तव टीम के साथ नदी किनारे पहुंचे। नदी के रपटे पर पानी के बीच से आने वाले ग्रामीणों को रोका। इसके बाद दूसरे रास्ते से गांवों में जाकर लोगों को धैर्य बनाए रखने के लिए कहा। उधर, जिले की सीमा से सटे मध्यप्रदेश इलाके में हो रही जोरदार बारिश के कारण मंदाकिनी नदी का जलस्तर सोमवार की रात को बढ़ गया। इसको लेकर यूपी व एमपी क्षेत्र के अधिकारी ने नदी किनारे बसे दुकानदारों को सामान हटाने के निर्देश दिए। हालांकि मंगलवार की शाम को जलस्तर लगभग सामान्य होने पर जिला प्रशासन समेत नदी किनारे बसे लोगों ने राहत की सांस ली।