फोटो-11- घटना के बाद गमगीन बैठे मृतक के परिजन। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट। मानिकपुर थाना क्षेत्र के जडेरा नाले के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी। शेखापुर गांव निवासी बाइक सवार दोनों मजदूर रातभर गड्ढे में ही बेहोश पड़े रहे। सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को बाहर निकाला, इसमें एक की मौत हो गई।
शेखापुर गांव निवासी कल्लू (21) ने बताया कि मंगलवार की देर शाम को वह गांव के ही कैलाश खंगार (50) के साथ बाइक से मानिकपुर से गांव लौट रहा था। बाइक चालक कल्लू ने हेलमेट नहीं पहना था। अंधेरा होने के कारण जडेरा नाले के पास बाइक अनियंत्रित हुई और सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। दोनों बेहोशी अवस्था में गड्ढे में ही रातभर पडे़ रहे। बुधवार की सुबह राहगीरों की मदद से परिजनों को जानकारी दी। पुलिस को सूचना दी गई।
थाना प्रभारी गिरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कैलाश को गड्ढे से निकाल कर सीएचसी लाए जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वह मजदूरी करता था। उसकी पत्नी सुनीता का रो रोकर बुरा हाल है। उसके दो पुत्र व दो पुत्री हैं। वहीं, कल्लू मामूली जख्मी हुआ है।