फोटो-13- पहाड़ी में सहकारी समिति में खाद न मिलने पर कर्वी राजापुर मार्ग पर जाम लगाए किसान। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
पहाड़ी (चित्रकूट)। सहकारी समितियों पर रविवार को भी खाद का वितरण कराया गया। खाद लेेने के लिए यहां मारामारी मची रही। पुलिस की सुरक्षा में समिति का गेट बंदकर टोकन से खाद का वितरण कराया गया। कई किसानों ने आरोप लगाया कि सचिव चहेतों को पहले खाद दे रहे हैं। आक्रोशित किसानों ने राजापुर कर्वी मार्ग पर जाम भी लगाया।
रविवार को सुबह से ही किसान समितियों पर खाद लेने के लिए पहुंच गए। महिला किसान भी बड़ी संख्या में खाद लेने पहुंचीं। समितियों में भीड़ इतनी रही कि लाइन में खड़े किसान एक-दूसरे से धक्का मुक्की करते रहे। पहाड़ी के उत्तरी सहकारी समिति में खाद लेने आई महिला ने आरोप लगाया खाद बांटने में मनमानी की जा रही है।
पहले चहेतों को खाद दी जा रही है। किसान सुरेश प्रसाद, अमर सिंह ने बताया पहाड़ी कस्बे में स्थित दक्षिणी सहकारी समिति में खाद का वितरण नहीं किया जा रहा है, जबकि कहा गया था कि उत्तरी सहकारी समितियों के सचिव को इस केंद्र का भी चार्ज दिलाकर खाद का वितरण किया जाए। पहाड़ी थाना प्रभारी रामसिंह ने किसानों को समझाकर जाम खत्म करा दिया।
फोटो-12- पहाड़ी में सहकारी समिति का गेट बंद कर टोकन के हिसाब से खाद बंटवाती पुलिस। संवाद- फोटो : CHITRAKOOT