चित्रकूट। कर्वी तहसील क्षेत्र के ग्राम परसौजा में स्कूल के रास्ते पर कीचड़ होने से छात्र फिसलकर गिर रहे हैं। इस मामले की जानकारी लेने डीएम शिवशरणप्पा जीएन मौके पर पहुंचे।
बीडीओ धर्मजीत सिंह ने बताया कि यह संपर्क मार्ग जिला पंचायत से बनाया गया है। गांव में बारिश होने से सड़क पर कुछ स्थानों पर गड्ढे हो गये हैं। स्कूल एप्रोच मार्ग के गड्ढे को गिट्टी डालकर ठीक करा दिया गया है। गांव में दो मुख्य सड़क एक लोक निर्माण विभाग व दूसरी जिला पंचायत से बनी है। डीएम ने दोनों सड़कों का निरीक्षण किया। दोनों सड़कों पर कीचड़ मिला। कुछ स्थानों पर पानी भरा हुआ था। खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि सड़कों की सफाई कराकर गड्ढे भरवाएं।
बीएसए को निर्देशित किया कि जिन स्कूलों तक एप्रोच मार्ग की स्थिति ठीक नहीं है उन विद्यालयों की सूची दें। ताकि विद्यालय तक संपर्क मार्ग को मोटरेबल कराया जा सके। इसके अतिरिक्त उपायुक्त श्रम रोजगार एवं जिला पंचायतराज अधिकारी को निर्देश दिये गये कि ग्राम प्रधानों के माध्यम से इस प्रकार की सड़कों की सूची प्राप्त करें। सीडीओ अमृतपाल कौर व अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत सुधीर कुमार आदि मौजूद रहे।