चित्रकूट। किसान की फसलों को अन्ना गोवंश से निजात दिलाने के लिए जिला पंचायत ने मल्टीपरपज वाहन, कैटिल कैचर क्रय किया है। मुख्य विकास अधिकारी अमृतपाल कौर की मौजूदगी में जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव ने हरी झंडी दिखाई। इशके बाद वाहन अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत मऊ को हैंडओवर कर दिया गया। अब सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंश गोशालाओं में नजर आएंगे।
मंगलवार को वाहन को हरी झंडी दिखाने के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि जनपद में अन्ना गोवंश सड़कों पर भी घूमते रहते हैं। इससे अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं। इस वाहन का प्रयोग तहसील मऊ के अन्तर्गत किया जाएगा। भाजपा सरकार किसानों को समृद्ध बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने शासन की मंशानुरूप ब्लाॅक प्रमुखों से कैटिल कैचर वाहन क्रय किए जाने की अपील की है।
सीडीओ ने बताया कि जल्द अभियान चलाया जाएगा। इस अवसर पर एएमओ सुधीर कुमार, जिला पंचायत के अभियंता भगत सिंह, ईओ इन्द्रपाल, वरिष्ठ लिपिक नागेश कुमार द्विवेदी आदि मौजूद रहे।