चित्रकूट। सदर कोतवाली क्षेत्र के कंठीपुर गांव के मोड़ के पास नशे में धुत युवकों ने वृद्ध को पकड़कर कार डाल लिया और मारपीट कर मोबाइल व नकदी लूट ली। इसके बाद युवक वृद्ध को गंभीर हालत में झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे फेंक कर भाग गए। परिजनों को जानकारी हुई तो जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
पहाड़ी थाना क्षेत्र के तौरा निवासी रघुवर दयाल गर्ग (68) अपना खेत देखने रविवार शाम को कोठिलिहाई गांव गए थे। गांव के मोड़ पर उन्हें तीन युवक मिले और उन्होंने रघुवर को पकड़कर कार में बैठा लिया। वृद्ध ने बताया कि शराब के नशे में धुत युवकों ने उनके साथ मारपीट की। इसके बाद मोबाइल, पांच हजार रुपये, आधार कार्ड व पैनकार्ड छीन लिया और गंभीर हालत में उसे कोठिलिहाई गांव के बाहर सड़क पर फेंककर भाग गए। सोमवार सुबह तक बेहोशी की हालत में वृद्ध पड़ा रहा। राहगीरों की मदद से परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसकी हालत में सुधार है। पीड़ित के पुत्र गौरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की तहरीर कोतवाली में दी है। कोतवाल दीपेंद्र सिंह ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।