बाइक से लोहरा के वीर बाबा के दर्शन को गया था, घर लौटते समय हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
राजापुर। कुसेनी मोड के पास रविवार देर शाम को अनियंत्रित होकर एक बाइक सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई। जबकि मां-बेटी घायल हो गई। सभी लोग चित्रकूट- कमासिन क्षेत्र स्थित लोहरा वीर बाबा के दर्शन कर लौट रहे थे। सीएचसी में नाजुक हालत देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर किया। बाइक सवार हेल्मेट पहने था। अगरहुड़ा निवासी धीरज (32) अपनी पत्नी संगीता (30) व बेटी अंजू (02) के साथ बाइक से लोहरा के वीर बाबा के दर्शन करने को गए थे। देर शाम को बाइक से वो अपने परिवार के साथ घर लौट रहा था। रास्ते में राजापुर थाना क्षेत्र के कुसेली मोड़ के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। टक्कर लगने से बाइक सवार धीरज की मौके पर मौत हो गई। जबकि पत्नी संगीता व बेटी अंजू घायल हो गई। घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया गया। सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. दिनेश सिंह ने महिला की हालत गंभीर देखकर जिला चिकित्सालय रेफर किया, वहीं घायल अंजू को मामूली चोटें आई हैं। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को कर्वी भेजा।