मऊ (चित्रकूट)। झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के क्षेत्र छिवलहा गांव के पास एक रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक मऊ कस्बा में खरीदारी कर गांव लौट रहा था। पुलिस ने बस व चालक को अपने कब्जे में लेकर बस सवार यात्रियों को अन्य साधन से गंतव्य के लिए रवाना किया।
भिटारी गांव निवासी चंद्रकांत त्रिपाठी ने बताया कि उनका भतीजा दीपेश त्रिपाठी (35) रविवार की सुबह घर के लिए सामान खरीदने बाइक से मऊ गया था। जब वह दोपहर को गांव लौट रहा था तो हाईवे के छिवलहा के पास तेज रफ्तार से प्रयागराज की ओर से आ रही बांदा डिपो की बस ने बाइक पर टक्कर मार दी। इससे दीपेश छिटककर दूर जा गिरा और उसकी मौत हो गई। आसपास के लोग दीपेश को तुरंत मऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के दो बच्चे हैं।
घटना की सूचना पर थाना प्रभारी राजेश द्विवेदी पहुंचे और बस व चालक को अपने कब्जे में ले लिया। दीपेश की मां संध्या देवी व पत्नी कोमल का रो रो कर बुरा हाल है। मृतक के दादा ने मऊ थाने में तहरीर दी है। मऊ थाना प्रभारी ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है।