त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के चौथे और अंतिम चरण में गुरुवार को मानिकपुर ब्लाक के 63 ग्राम पंचायतों में चार डीडीसी और 87 बीडीसी सदस्य पद के लिए शांतिपूर्ण माहौल में मतदान हुआ।
इसी के साथ बीडीसी और डीडीसी के 706 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटिकाओं में बंद हो गया कुल 61.6 फीसदी वोटिंग हुई।
प्राथमिक विद्यालय सरैंया के एक बूथ पर 76 फीसदी मतदान रिकार्ड की गई। खास बात यह रही कि रिमझिम बरसात के बाद भी मतदाताओं में गजब का उत्साह दिखा।
बड़ी संख्या में मतदाता बारिश में भीगते हुए मतदान केंद्र तक पहुंचे और मताधिकार का इस्तेमाल किया।
वहीं, इस बार पाठा में दस्यु प्रभावित इलाकों समेत मानिकपुर ब्लाक के निभिन्न मतदान केंद्रों पर लोगों ने भय मुक्त होकर मतदान किया।
मतदाताओं ने इस बात को सिरे से खारिज किया कि वह किसी के कहने पर मतदान करने आए हैं।
पंचायत चुनाव के चौथे और अंतिम चरण में गुरुवार को मानिकपुर के 63 ग्राम पंचायतों के मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया।
रैपुरा में जिला पंचायत पद सामान्य, भौरीं में अनुसूचित जाति, सरैंया में सामान्य और चुरेह केसरुवा में यह पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है।
प्रशासन ने कुल 95 मतदान केंद्र और 223 मतदान स्थल बनाए थे। शुरुआत में जहां मतदान का प्रतिशत कम रहा, वहां दोपहर बाद मतदाताओं की भीड़ उमड़ी।
कुछ केंद्रों पर पहले मतदान करने को लेकर मतदाताओं में हल्की कहासुनी हुई, पर मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने उन्हें समझाबुझा कर शांत कर दिया।