चित्रकूट। जिला जेल में नियमों के विपरीत विधायक अब्बास अंसारी व उसकी पत्नी निखत बानो को मिलाने के मामले में जांच टीम पकड़े गए आरोपियों के मोबाइल के डाटा को खंगाल रही है। उनके व्हाटसअप, वीडियो कॉल, इंस्टाग्राम व फेसबुक से कॉल व फोटो संदेश का मिलान कर रही है। इसमें एक बैंक अधिकारी समेत एक चित्रकूट जिले का एक फैक्टरी मालिक (पाइप निर्माता) भी जांच की जद हैं। फैक्टरी मालिक के मोबाइल से ऑनलाइन रुपयों के लेनदेन का मिलान हो रहा है।
निखत बानो, उसके चालक नियाज के मोबाइल से हुई कॉलों की जांच के बाद गिरफ्तार हुए सपा नेता फराज खान व प्रापर्टी डीलर नवनीत सचान के कॉल की जांच हो रही है। खासकर इनके नंबरों से व्हाटसअप, वीडियो कॉल, सिगनल एप के जरिए हुई बातचीत का डाटा एकत्र हो रहा है। इस संबंध में एसपी वृंदा शुक्ला ने पहले भी बता चुकी हैं कि इन लोगों ने व्हाटसअप, वीडियो कॉल व सिगनल एप के जरिए कई नंबरों पर कई बार बातचीत हुई है। इसका डाटा एकत्र करने के लिए संबंधित कंपनी को पत्र लिखा गया है। इसका डाटा मिलते ही जांच में शामिल किया जाएगा।
जांच अधिकारी सीओ सिटी हर्ष पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सभी तथ्यों का मिलान कर रही है।
रविवार को एसआईटी व सर्विलांस टीम ने जांच को आगे बढ़ाते हुए जेल में बंद विधायक अब्बास अंसारी समेत निखत व नियाज की मदद के मामले में फराज खान व नवनीत सचान के सहयोगियों पर नजर रख रही है।