मऊ। थाना क्षेत्र के लालता रोड स्थित एक निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान बालक की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टर व स्टॉफ पर गलत इलाज करने के आरोप लगाए। हटवा निवासी शिवकुमारी ने बताया कि उसके 12 साल के पुत्र आरजू की रविवार को अचानक तबीयत खराब हो गई। इस पर परिजन उसे लेकर लालता रोड स्थित शिव क्लीनिक पहुंंचे। आरोप लगाया कि गलत इंजेक्शन व दवा देने से पुत्र की हालत और बिगड़ गई। इसके बाद उसकी मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर व स्टॉफ पर लापरवाही का आरोप लगाकर पुलिस सूचना दी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी विनोद राय ने मामले की जानकारी ली। इसके बाद परिजनों से तहरीर मांगी गई तो उन्होंने कोई कार्रवाई न करने की बात कहकर तहरीर नहीं दी। उधर इस मामले में अस्पताल के प्रभारी डॉ. शिवबहादुर ने बताया कि कोई गलत इलाज नहीं हुआ। सीएमओ डॉ. भूपेश द्विवेदी ने बताया कि मामले की कोई लिखित जानकारी नहीं मिली है। इसके बावजूद संबंधित अस्पताल के कागजात की जांच के लिए टीम भेजी जाएगी।