भौंरी (चित्रकूट)। ब्यूर निवासी युवक की घूरपुर स्थित ससुराल में हालात में मौत हो गई। सूचना पर परिजन वहां पहुंचे और हत्या का आरोप लगाया। इस पर पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लेकर गांव आ गए। शुक्रवार को परिजनों ने शव को हाईवे किनारे रख कर हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
कोतवाली अंतर्गत ब्यूर गांव के शिवबहादुर सिंह (35) के पिता शिवभवन सिंह ने बताया कि पुत्र का विवाह पांच साल पूर्व घूरपुर के खटनिया निवासी मांडा सिंह की पुत्री के साथ हुआ था। दो साल से पत्नी से अनबन के बाद उसकी पत्नी मायके में रहती थी। 18 जनवरी को फोन पर बातचीत के बाद वह पत्नी से मिलने के लिए ससुराल गया था। वहीं पर मार कर हत्या की गई है।
परिजनों ने यह भी बताया कि शुक्रवार की सुबह मृतक की ससुराल से फोन आया कि अज्ञात कारण के चलते उसकी मौत हो गई है। जब वह सब वहां पहुंचे तो राजू मृत अवस्था में मिला। पूछने पर किसी ने कारण नहीं बताया। मृतक के शरीर में कुछ चोट के निशान देखकर हत्या किए जाने की आशंका हुई।
इस पर घूरपुर में पुलिस सूचना के बाद पोस्टमार्टम कराया गया। शुक्रवार को ही शव लेकर जब परिजन ब्यूर गांव पहुंचे तो नाराज परिजनों ने शव को झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे रखकर हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। मामले की जानकारी होने पर कोतवाल एके मिश्रा पहुंचकर परिजनों से मिले। उन्होंने आश्वासन दिया कि नियमानुुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया।