चित्रकूट। चोरी का मोबाइल खरीदने व बेचने के मामले में पकड़े गए दो युवकों में एक राजापुर थाने में मौजूद पुलिस टीम को चकमा देकर भाग निकला। जानकारी होते ही पुलिसकर्मियों के माथे पर पसीना आ गया। वहीं, दूसरे आरोपी के परिजनों ने थाना पुलिस पर रुपये लेकर कुछ आरोपियों को छोड़ने के आरोप लगाए हैं। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी से पूरी रिपोर्ट मांगी है।
चित्रवार गांव निवासी शंकर दयाल ने मोबाइल चोरी की रिपोर्ट राजापुर थाने में दर्ज कराई थी। थाना प्रभारी भास्कर मिश्रा ने बताया कि जांच में पुलिस टीम ने मंंगलवार की दोपहर को भौंरी व राजापुर मार्ग के बीच चोरी के मोबाइल के साथ खजुरिहा निवासी रामसिंह व बूढ़ा सेमरवार निवासी शारदा उर्फ कल्लू उपाध्याय को पकड़ा था।
राजापुर थाना पुलिस टीम इन आरोपियों को पकड़कर थाने लाई। देर शाम को एक आरोपी शारदा उर्फ कल्लू थाने से भाग निकला। काफी देर तक पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। जैसे ही मामले की जानकारी थाना पुलिस को हुई तो सभी के चेहरे पसीने से भीग गए। थाना प्रभारी ने आनन फानन भागे आरोपी को पकड़ने के लिए दो टीमें बनाई। बुधवार की देर शाम लगभग 18 घंटे बाद तक पुलिस उसे नहीं ढूंढ पाई है।
राजापुर थाना प्रभारी ने बताया कि चोरी के मोबाइल के मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद दो आरोपियों को पकड़ा गया था। इसमें राजा सिंह के खिलाफ लिखापढ़ी की गई है लेकिन दूसरा शारदा उर्फ कल्लू थाने से भाग गया है। जिसकी तलाश की जा रही है। जिस वक्त आरोपी थाने से भागा है उस वक्त जिसकी डयूटी थी उनसे पूछताछ की जा रही है।
इस संबध में एसपी वृंदा शुक्ला ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राजापुर थाने से पूरी रिपोर्ट मांगी है। उधर, पुलिस गिरफ्त में आरोपी राजा के परिजनों ने पुलिस पर आरोपियों को रुपये लेकरछोड़ने का आरोप लगाया है। बताया कि इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों को पकड़ा था, जिसमें तीन को रुपये लेकर छोड़ा गया है। इन आरोपों को थाना प्रभारी ने गलत बताया है।