मानिकपुर (चित्रकूट)। हावड़ा से इंदौर को जाने वाली अप साप्ताहिक क्षिप्रा एक्सप्रेस के एसी कोच बी-3 में तकनीकी खराबी आ गई। इससे ट्रेन 2 घंटे 15 मिनट तक जंक्शन स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 3 पर खड़ी रही। इसके बाद उत्तर प्रदेश संपर्क क्रांति के कोच को लगाकर ट्रेन 1:35 बजे रवाना की गई।
मानिकपुर 9:40 बजे आने वाली क्षिप्रा एक्सप्रेस मंगलवार को अपने निर्धारित समय से लगभग डेढ़ घंटे बिलंब से सुबह करीब 11:15 बजे पर मानिकपुर जंक्शन स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 3 पर पहुंची। मानिकपुर स्टेशन प्रबंधक को कंट्रोलर ने सूचना दी कि 22912 हावड़ा इंदौर साप्ताहिक क्षिप्रा एक्सप्रेस के बी 3 कोच तकनीकी खराबी के चलते काम नहीं कर रहा है।
स्टेशन प्रबंधक शिवेश मालवीय तकनीकी टीम के साथ पहुंचे और बी-3 कोच का परीक्षण कराया। फिर भी तकनीकी सुधार न होने पर यार्ड में खड़ी संपर्क क्रांति ट्रेन के बी-3 कोच को बदलकर क्षिप्रा एक्सप्रेस ट्रेन में लगा दिया गया। इसके बाद 1:35 पर क्षिप्रा ट्रेन को आगे की ओर रवाना किया गया।