चित्रकूट। भरतकूप थाना क्षेत्र के रौली गोंडा गांव के बाहर खेत की ओर जा रहे कक्षा तीन के छात्र को बेकाबू डंपर ने रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने डंपर पकड़ लिया, लेकिन चालक भाग गया।
थाना क्षेत्र के रौली गांव के बजनी पुरवा निवासी राजनारायण ने बताया कि उसका 10 साल का पुत्र अमरीश पाल गुरुवार की शाम शौच के लिए घर से खेत की ओर जा रहा था। पहाड़ मार्ग पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार पत्थर लदे डंपर ने उसे रौंद दिया। चालक डंपर लेकर भाग निकला। जानकारी होते ही परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचकर देखा तो अमरीश की मौत हो चुकी थी। इसके बाद भी उसे लेकर सीएचसी शिवरामपुर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसकी मौत की पुष्टि की।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने पत्थर लदे वाहनों के तेज गति से बस्ती के पास चलाने पर रोक लगाने की मांग की। आरोपी डंपर चालक की गिरफ्तारी की मांग की। थानाध्यक्ष प्रवीण सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने डंपर को गांव के बाहर से बरामद कर लिया है, जबकि चालक भाग निकला है। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। अमरीश सात बहन में इकलौता भाई था। शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।