स्वच्छता से ही पर्यटन क्षेत्र में होगा विकास
चित्रकूट/ मानिकपुर। पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार एवं भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंध संस्थान नोएडा के स्वच्छ भारत स्वच्छ पर्यटन कार्यक्रम में जवाहर नवोदय विद्यालय मानिकपुर के छात्रों को नाटक व गीत संगीत के माध्यम से जागरूक किया गया। जिसमें यह संदेश दिया कि स्वच्छता से जिले का नाम रोशन होगा और पर्यटक आएंगे तो क्षेत्र के लोगों की आमदनी भी बढेगी। भारतीय पर्यटन संस्थान के पर्यटक जागरूकता कार्यक्रम में होटल स्वर्णिम परिसर कार्यशाला का आयोजन भी किया गया। जिसमें अशोक श्रीवास्तव, पंकज अगरवाल, राम कुमार, जगमोहन, अरूण गुप्ता व शंकर दयाल ने कहा कि धर्मनगरी के साथ यह पर्यटन क्षेत्र में भी काफी आगे बढ़ सकता है। इसके बाद स्वच्छ भारत स्वच्छ पर्यटन के अंतर्गत जवाहर नवोदय विद्यालय में छात्र एवं छात्राओं के लिए स्वच्छता के प्रति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें छात्रों को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से अपने विद्यालय एवं पर्यटन स्थल को स्वच्छ रखने की अपील की गयी । कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. टीएन त्रिपाठी व एनएन त्रिपाठी ने बच्चों को बताया की स्वच्छता ही सेवा है। इस मौके पर नोएडा से सुनील चौबे, व नितिन शर्मा आदि मौजूद रहे।