मृतकों के परिजनों व घायलों को सहायता राशि की दी पहली किस्त
चित्रकूट(ब्यूरो)। उत्तर मध्य रेलवे ने मानिकपुर रेलवे स्टेशन में हुई ट्रेन दुर्घटना के बाद रेस्क्यू अभियान चलाया गया। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी गौरव कृष्ण बंसल ने बताया कि सभी अधिकारी कंट्रोल रूम में पहुंच गए। इलाहाबाद से एक्सीडेंट रिलीफ मेडिकल उपकरण ट्रेन पांच सीनियर डॉक्टरों और अन्य डॉक्टरों की पूरी टीम के साथ मानिकपुर पहुंची थी। टीम ने घायल यात्रियों का इलाज शुरू कर दिया। मानिकपुर स्टेशन के स्टाफ स्टेशन अधीक्षक, कामर्शियल स्टाफ दुर्घटना ग्रस्त हुई वास्कोडिगामा एक्सप्रेस को खाली करवाया और घायलों को अस्पताल भेजा। जो यात्री बस से जाना चाहते थे उनको बस उपलब्ध करवाई। मानिकपुर में बचे हुए 350 यात्रियों को एक स्पेशल ट्रेन से छिंवकी तक लाया गया। इसके बाद पटना के लिए रवाना कर दिया गया। पीआरओ ने बताया कि जिन यात्रियों को चोट पहुंची थी उनको अनुग्रह राशि की पहली किस्त नियमानुसार दी गई है जिनकी मृत्यु हुई थी उनके संबंधियों को अनुग्रह राशि की पहली किस्त नियमानुसार दिलवा दी गई है।
350 यात्री स्पेशल ट्रेन से किए गए रवाना