खोही(चित्रकूट)। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की नौकरी दिलाने के नाम पर खुटहा प्रधान व उसके साले ने दंपती से 40 हजार रुपये ठग लिए। आरोप है कि न तो अभी तक नौकरी मिली और अब रुपये भी लौटाने से इंकार कर रहे हैं। पीड़ित दंपती ने एसपी को पत्र देकर रुपये दिलाने की मांग की है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के खुटहा गांव निवासी प्रेमबाबू व उसकी पत्नी गौरादेवी ने बताया कि आंगनबाडी सहायिका की नौकरी दिलाने का ग्राम प्रधान चंद्रशेखर कोटार्य व उनके साले सरवन ने वादा किया। आरोप लगाया कि इसके लिए उससे 60 हजार रुपये की मांग की।
गांव के कुछ और लोगों से इन्होंने नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये लिए हैं। जेवर गिरवी रखकर उन्होंने 40 हजार रुपये प्रधान व उसके साले को दिए। आरोप लगाया कि अब छह माह से ज्यादा का समय होनेके बाद भी नौकरी नहीं मिली। रुपये लौटाने की बात कहने पर धमकी दी जा रही है।
दंपती ने एसपी व कोतवाली में दिए पत्र में रुपये दिलाने की मांग की है। उधर, प्रधान चंद्रशेखर कोटार्य ने कहा कि यह उनका पारिवारिक मामला है। रुपये नहीं लिए गए हैं। झूठा आरोप लगाया जा रहा है।