चित्रकूट। निकाय चुनाव के लिए जिले से गुजरने वाली 40 से अधिक बसे चार मई को होने वाले चुनाव के लिए रवाना हो गई। इससे यात्रियों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जो बसें चल रही हैं उसमें निर्धारित सीटों से अधिक यात्री यात्रा कर रहे हैं।
बांदा डिपो सहित महोबा, हमीरपुर डिपो की 80 से अधिक बसें निकलती हैं, जो प्रयागराज, कौशांबी व फतेहपुर जिले के लिए जाती हैं। जिसमें आधा सैकड़ा बसों को नगर निकाय चुनाव के लिए चार मई को जिन जिलों में चुनाव होना है, वहां पर भेज दी गई हैं। इससे बसों की संख्या कम हो गई। इससे चल रही अन्य बसों में यात्री सफर कर रहे हैं। जिसमें कई यात्री खड़े होकर भी यात्रा कर रहे हैं। प्राइवेट बसों में इस समय अन्य दिनों के अपेक्षा अधिक भीड़ देखी जा रही है।
यात्री अर्जुन प्रसाद ने बताया कि इस समय वैवाहिक कार्यक्रम अधिक हैं। इससे ग्रामीण अपने रिश्तेदारों के यहां जा रहे हैं, जबकि इसी समय चुनाव में रोडवेज बसें लगा देने से बसों की संख्या कम हो गई है, जो भी बस आती हैं उसमें बैठने के लिए यात्री दौड़ पड़ते हैं।
रोडवेज बस स्टैंड कर्वी कार्यालय के प्रभारी कर्मचारी प्रेम कुमार ने बताया कि लगभग 40 बसें चुनाव के लिए भेजी गई हैं। इसके बाद भी रोडवेज बसों की कमी नहीं है।