बुंदेली गीत व भजनों से गुलजार रहा रामायण मेला
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। रामायण मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भगवान श्रीराम की संगीतमय कथा और भगवान श्रीकृष्ण की रासलीला का मंचन देख दर्शक मंत्र मुग्ध रहे। बुंदेलखंड की लोकगीत समिति महोबा की कलाकार प्रेमवती कुशवाहा तथा मधु अग्रवाल द्वारा भजन प्रस्तुत किया गया । महोबा से आई लखनलाल यादव की टीम और लखनऊ की आर. लक्ष्मी की लोक कलाओं की प्रस्तुति ने दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आसाम के शिवसागर से आए बोरासम बिहू ग्रुप ने देश-विदेश में प्रसिद्ध बिहू नृत्य का प्रदर्शन कर रामायण मेला भवनम् में उपस्थित हजारों दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रात्रिकालीन कार्यक्त्रस्मों की कड़ी में वृंदावन से आए पं. देवकीनंदन शर्मा के नेतृत्व में ब्रज रासलीला संस्थान के कलाकारों ने होली लीला की मनोहारी प्रस्तुतियां देकर रामायण मेला के इस सत्र का समापन किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में रामायण मेला के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश कुमार करवरिया, भालेंदु सिंह , प्रद्युम्न कुमार दुबे (लालू भैया), शिवमंगल शास्त्री, राजाबाबू पांडेय, आशीष पांडेय अतर्रा, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी संजय मिश्रा, मोहम्मद युसूफ बेग, कलीमुद्दीन बेग, डा. घनश्याम अवस्थी, डा. हरिप्रसाद दुबे अयोध्या, ज्ञानचंद्र गुप्ता, राजेंद्र कुमार त्रिपाठी, प्रिंस करवरिया, मंसूर अली, मनोज मोहन गर्ग, इम्तियाज आदि मौजूद रहे।