चित्रकूट। सड़क मार्ग से प्रयागराज से आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को शनिवार को दिन से रात तक परेशान होना पड़ा। वाहन सड़क पर रेंगते रहे। भीड़ से धर्मनगरी के प्रमुख मार्गों पर हर घंटे जाम लगता रहा। प्रयागराज से आने वाले वाहनों के रेले की वजह से शाम छह बजे से रैपुरा से शिवरामपुर के बीच 19 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस का कहना है कि जिले की सीमा से हर घंटे डेढ़ हजार से अधिक वाहनों का आवागमन हो रहा है। 24 घंटे में 45 हजार से अधिक वाहन आ-जा रहे हैं। कई वाहन चालकों ने बताया कि प्रयागराज से धर्मनगरी 120 किलोमीटर आने में आठ से नौ घंटे लग रहे हैं। वाहन रुक रुककर चल रहे हैं।